मंडलायुक्त ने की जल जीवन मिशन की समीक्षा : सोनभद्र और भदोही के अधिशासी अभियंताओं का वेतन रोकने के निर्देश
मीरजापुर, 05 मई (हि.स.)। विध्यांचल धाम के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने मंगलवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में प्रगति असंतोषजनक मिलने पर उन्होंने जल निगम सोनभद्र और भदोही के अधिशासी अभियंताओं का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने हर घर जल योजना की जमीनी हकीकत जानने के लिए कुछ पंप ऑपरेटरों से सीधे फोन पर बात कर जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी लो वोल्टेज की समस्या है, वहां तत्काल समाधान कराया जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ नोटिस जारी कर एफआईआर तक की कार्रवाई की जाएगी। पाइपलाइन के लेआउट को लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने और सड़क निर्माण से पहले समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि मई-जून में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नियमित बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान हो सके। साथ ही बकाया विद्युत बिल का समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा, अन्यथा संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र, लोक निर्माण विभाग व विद्युत विभाग के अधिकारी तथा तीनों जनपदों के जल निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

