विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
मीरजापुर, 14 जून (हि.स.)। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने जिला पंचायत सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, कानून व्यवस्था एवं सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग के आधार पर विभागवार प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में एआईजी स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने, जिला समाज कल्याण अधिकारी को सही जानकारी प्रस्तुत न करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को संतोषजनक उत्तर न देने पर चेतावनी देने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि अधिकारी पूरी तैयारी के साथ बैठकों में शामिल हों, अन्यथा अगली बैठक में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने, मासिक लक्ष्य तय कर उन्हें समयबद्ध पूरा करने तथा जनपद को प्रदेश के शीर्ष जनपदों में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पेंशन योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, कन्या सुमंगला, पारिवारिक लाभ योजना एवं किसान हित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने भू-माफियाओं, गैंगस्टर, महिला उत्पीड़न, गो-तस्करी तथा अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाने, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का माहौल मजबूत करने को कहा।
बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्व वादों के निस्तारण तथा जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

