वडनगर गुजरात से बाइक से काशी आए 500 बाइक राइडर्स का पुष्पवर्षा के बीच स्वागत
-संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में ढोल-नगाड़ों की थाप पर हुआ अभिनंदन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भेंट किए ओडीओपी उत्पाद
वाराणसी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘बाइक सेवा यात्रा’ के तहत गुजरात के वडनगर से काशी पहुंचे 500 बाइक सेवा यात्रियों का बुधवार को भव्य स्वागत किया गया। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अगुआई में यात्रियों का पारंपरिक तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हुए स्वागत से बाइक सेवा यात्री और भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए।
स्वागत के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी बाइक सेवा यात्रियों को एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत तैयार उपहार स्वरूप भेंट किए।इससे पहले बाइक सेवा यात्री बसों से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक सफर को स्मरणीय बनाने के लिए यह बाइक सेवा यात्रा आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी ने लोक-कल्याण की जिस यात्रा की शुरुआत की थी, वह 13 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल और लगभग 12 वर्षों के प्रधानमंत्री कार्यकाल के साथ 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंच चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए आयोजित बाइक सेवा यात्रा में देश के 10 से अधिक राज्यों के कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। यात्रा के दौरान बाइक सेवा यात्रियों ने स्वच्छता अभियान, सघन पौधरोपण और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से जनसेवा का संदेश दिया। गुजरात के वडनगर से 10 नदियों का पवित्र जल लेकर बाइक सेवा यात्री मंगलवार शाम वाराणसी पहुंचे थे। यात्रा में 250 बाइकों पर सवार 500 यात्री 25-25 के समूह में 10 अलग-अलग मार्गों से वडनगर से काशी के लिए रवाना हुए थे। विभिन्न समूहों ने 10 राज्यों से गुजरते हुए जौनपुर, भदोही, चंदौली, मीरजापुर और प्रयागराज के रास्ते वाराणसी में प्रवेश किया। वाराणसी पहुंचने के बाद सभी बाइक सेवा यात्रियों ने छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम किया। बाइक सेवा यात्री अपने साथ गुजरात की 10 पवित्र नदियों और वहां के शर्मिष्ठा तालाब का जल लेकर आए हैं। इसमें नर्मदा, साबरमती, माही, गोमती, विश्वामित्री, तापी, बनास, क्षेत्रुंजी, अजी और पंबा नदियां शामिल हैं। इन नदियों के जल से सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ का अभिषेक करेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह बाइक सेवा यात्रा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनकी कर्मभूमि और संसदीय क्षेत्र वाराणसी से शुरू हुई थी। वाराणसी से 250 बाइकों पर सवार 500 बाइक सेवा यात्री गुजरात के वडनगर के लिए रवाना हुए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

