मीरजापुर में 4000वें दिन भी नहीं टूटा संकल्प, ग्रीन गुरु ने किया पौधरोपण व पौध वितरण

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर में 4000वें दिन भी नहीं टूटा संकल्प, ग्रीन गुरु ने किया पौधरोपण व पौध वितरण


मीरजापुर, 13 जून (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित ग्रीन गुरुजी के नाम से प्रसिद्ध अनिल कुमार सिंह ने शनिवार को अपने अनवरत पौधरोपण अभियान के 4000वें दिन को ऐतिहासिक रूप से पूरा किया। आचार्य रामचंद्र शुक्ल पार्क एवं कजली स्मारक स्थल, बरौधा कछार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पौधरोपण, पौध वितरण और पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य रामचंद्र शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद ग्रीन गुरु जी ने गुग्गुल और लिली के पौधे लगाकर अपने 4000वें दिन के पौधरोपण संकल्प को पूर्ण किया। इस अवसर पर रामाश्रय यादव सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने भी पौधरोपण में सहभागिता की।

ग्रीन गुरुजी ने लगभग 250 लोगों को देसी गुलाब, पारिजात, इंसुलिन, एलोवेरा, स्नेक प्लांट, बेला, कामिनी और अन्य उपयोगी पौधे निःशुल्क वितरित किए। कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत पौधे, मां विंध्यवासिनी की प्रतिमा और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

अपने संबोधन में अनिल कुमार सिंह ने कहा कि वर्ष 2015 से प्रतिदिन पौधरोपण का उद्देश्य धरती को हरा-भरा बनाना और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने सभी से “एक कदम प्रकृति की ओर” और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण प्रेमियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story