यूपी रेरा के आदेश से आवंटियों को 2342 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान

WhatsApp Channel Join Now
यूपी रेरा के आदेश से आवंटियों को 2342 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान


- 12,696 मामलों में 6,661 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान

लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने घर खरीददारों के हितों की रक्षा और रियल एस्टेट से जुड़े विवादों के निस्तारण में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्राधिकरण ने वसूली की वैधानिक प्रक्रिया, प्रमोटरों और आवंटियों के बीच आपसी समझौतों साथ ही साथ कन्सिलिएशन फोरम के माध्यम से अब तक 12,696 मामलों में 6,661 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान सुनिश्चित किया है। वहीं, वसूली की प्रक्रिया के तहत 8,921 मामलों में आवंटियों को कुल 2,342 करोड़ रुपये का भुगतान कराया गया है।

वसूली प्रक्रिया से आवंटियों को 2,342 करोड़ का भुगतान

यूपी रेरा की पीठों के समक्ष धारा-31 के अंतर्गत धनवापसी, रजिस्ट्री सहित कब्जा या कब्जे में देरी पर ब्याज आदि से संबंधित शिकायतें बड़ी संख्या में दायर हुईं। सुनवाई के बाद पीठों द्वारा जारी वसूली प्रमाणपत्रों (आरसी) के आधार पर संबंधित जिलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। इस प्रक्रिया के तहत 7,036 मामलों में 1,743 करोड़ रुपये की धनराशि वसूल कर आवंटियों के बैंक खातों में अंतरित कराई गई। इसके अलावा 1,885 आवंटियों के वसूली प्रमाणपत्रों से जुड़े मामलों में प्रमोटरों और आवंटी के मध्य हुए समझौतों के आधार पर जिससे वसूली की नौबत आने से पहले ही मांग का समाधान हो गया के तहत 599 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इस तरह कुल 8,921 मामलों में आवंटियों को 2,342 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई।

पीठों के समक्ष 3,356 आवंटियों के विवादों का समाधान

प्रोमोटरों से वसूली की कार्यवाही के साथ-साथ यूपी रेरा ने घर खरीददारों से जुड़े विवादों, जैसे धनवापसी, कब्जा दिलाना व अन्य शिकायतों के शीघ्र, सरल और स्थायी समाधान के लिए आपसी सुलह-समझौतों को भी प्रमुखता से अपनाया। धनराशि की वसूली के साथ-साथ यूपी रेरा ने विवादों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के लिए आपसी सहमति और समझौते की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता दी है। प्राधिकरण की पीठों के समक्ष सुनवाई के दौरान ही प्रमोटर और आवंटियों के बीच सहमति बनने से 3,356 आवंटियों की 2,013.75 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से जुड़े विवादों का समाधान हुआ। पीठ द्वारा उक्त समझौते को रिकॉर्ड पर लेते हुए मामले का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कर दिया गया। इस प्रक्रिया में पक्षकारों की सहमति से मामलों का निस्तारण कर उन्हें लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिली।

कन्सिलिएशन फोरम से 1,648 आवंटियों को राहत

यूपी रेरा का कन्सिलिएशन फोरम भी विवादों के समाधान में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। इस मंच पर आवंटी और प्रमोटर संवाद व सुलह के जरिए अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं। निष्पक्ष सुलहकर्ताओं की मौजूदगी में दोनों पक्षों के हितों और दायित्वों को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में प्रयास किए जाते हैं। कन्सिलिएशन फोरम के माध्यम से 1,648 आवंटियों की ₹657 करोड़ मूल्य की संपत्तियों से संबंधित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया गया।

आदेशों के अनुपालन में स्वैच्छिक समझौते

इसके अतिरिक्त, बहुत से मामलों में रेरा द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में प्रमोटरों ने स्वेच्छा से आवंटियों के साथ समझौते द्वारा रेरा के आदेशों का अनुपालन कर लिया, जिससे आवंटियों को आदेश के क्रियान्वयन के लिए अलग से कार्यवाही करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। ऐसे समझौतों को रेरा पोर्टल पर अपलोड किया गया और इन समझौतों के आधार पर 7,692 आवंटियों की 3,890 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से जुड़े मामलों का समाधान संभव हो सका।

इस प्रकार यूपी रेरा ने वसूली प्रक्रिया, पीठों के समक्ष आपसी समझौतों, कन्सिलिएशन फोरम और पोर्टल पर दर्ज समझौतों के माध्यम से कुल 12,696 मामलों में 6,661 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से संबंधित विवादों का समाधान कराया है। यह प्रगति आवंटियों के अधिकारों की सुरक्षा, विवादों के समयबद्ध निस्तारण और रियल एस्टेट क्षेत्र में जवाबदेही एवं पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में प्राधिकरण के प्रयासों को दर्शाती है।

अध्यक्ष यूपी रेरा का वक्तव्य

अध्यक्ष यूपी रेरा संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य घर खरीददारों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना और रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना है। आवंटियों को देय धनराशि की वसूली के लिए वैधानिक प्रक्रिया अपनाने के साथ-साथ जहां संभव है, वहां आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेरा का प्रयास है कि आवंटियों को उनके अधिकारों के अनुरूप राहत मिले और उन्हें अनावश्यक कानूनी प्रक्रिया, आर्थिक बोझ तथा मानसिक परेशानी से बचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story