यूपी रेरा ने 13 जिलों में 24 रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
यूपी रेरा ने 13 जिलों में 24 रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी


नोएडा, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भू- संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) की मंगलवार को हुई 198वीं बैठक में 13 जिलों में 24 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें गौतमबुद्ध नगर जिले की सबसे अधिक पांच परियोजनाएं शामिल हैं। परियोजनाओं में फ्लैट, विला, भूखंड और दुकानें मिलाकर 7830 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।

यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग वाली परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। गौतमबुद्ध नगर निवेश, परियोजनाओं की संख्या और विकसित होने वाली इकाइयों के मामले में सबसे आगे है। यहां 5,218.41 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली तीन व्यावसायिक, एक आवासीय और एक मिश्रिम भू-उपयोग परियोजना को मंजूरी दी गई है। इनमें फ्लैट, विला और दुकान मिलाकर 2,969 इकाइयां विकसित की जाएंगी। वहीं, राजधानी लखनऊ में चार परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसमें 132.65 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 651 इकाइयां विकसित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि आगरा में तीन आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। गाजियाबाद में दो व्यावसायिक और एक आवासीय परियोजना को मंजूरी मिली है, जिनमें 83.85 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 468 इकाइयां विकसित होंगी। मथुरा, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, बांदा, सहारनपुर, हापुड़ और बाराबंकी में मंजूर एक-एक आवासीय परियोजना में 6,800 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story