देवरिया डिपो में संविदा चालकों के 46 पदों पर भर्ती, 27 अक्टूबर से लगेंगे कैंप
देवरिया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया डिपो में संविदा चालकों के रिक्त 46 पदों पर भर्ती के लिए 27 अक्टूबर 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। भर्ती के लिए विभिन्न निर्धारित स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे। उक्त जानकारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पारस नाथ ने गुरुवार काे दी।
उन्होंने बताया कि बसों की उपलब्धता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकती है।
संविदा चालकों की भर्ती के लिए 27 अक्टूबर को लार, 31 अक्टूबर को खुखुंदू चौराहा, तीन नवंबर को मइल चौराहा, पांच नवंबर को रुद्रपुर बस स्टेशन, 13 नवंबर को करूअना चौराहा, 17 नवंबर को भटनी बाजार, 20 नवंबर को सोहनपुर इंटर कॉलेज, 23 नवंबर को बंगरा बाजार, 27 नवंबर को नवलपुर चौराहा तथा 30 नवंबर को सेवायोजन कार्यालय परिसर स्थित देवरिया आईटीआई में कैंप आयोजित किए जाएंगे।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि भर्ती के लिए अभ्यर्थी के पास कम से कम दो वर्ष पुराना भारी वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की शैक्षिक योग्यता कम से कम आठवीं पास, आयु 23 वर्ष छह माह से कम नहीं हाेनी चाहिए तथा लंबाई कम से कम पांच फीट तीन इंच होनी चाहिए। आवेदन के लिए आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना आवश्यक है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

