गुरु रविदास जयंती कलश यात्रा का कोन में भव्य स्वागत, आस्था और समरसता का दिखा संगम

WhatsApp Channel Join Now
गुरु रविदास जयंती कलश यात्रा का कोन में भव्य स्वागत, आस्था और समरसता का दिखा संगम


- सीर गोवर्धनपुर की पवित्र माटी से सुशोभित कलश का पूजन, अंबेडकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

मीरजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही पवित्र कलश वंदन यात्रा का रविवार को कोन मंडल में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने चेकसारी, पुरजागीर, कमासिन, भोगांव और खुलुआ गांव में कलश यात्रा का स्वागत कर आरती एवं पूजा-अर्चना की।

कमासिन बारीपुर स्थित अंबेडकर पार्क में वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत गुरु रविदास की जन्मस्थली की पवित्र माटी से सुशोभित कलश के आगमन पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि यह कलश यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाली प्रेरणादायी यात्रा है। उन्होंने संत गुरु रविदास के आदर्शों को अपनाते हुए जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर समतामूलक समाज के निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने संत रविदास का प्रसिद्ध दोहा भी उद्धृत करते हुए कहा कि समाज में समान अवसर और सम्मान ही उनके विचारों का मूल संदेश है।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक गौरव ऊमर, जिला उपाध्यक्ष सुनीता शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री गोविंद प्रसाद बिंद, इंद्र कुमार सिंह, बैजनाथ प्रजापति, वीरेंद्र प्रताप यादव, पं. भावेश शर्मा, मनोज दुबे, विजय शक्ति दूबे, रुद्रेश प्रताप सिंह, अमित श्रीनेत, मंडल अध्यक्ष उमेश तिवारी, लवकुश दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story