न्याय रथ करेगा राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार, जिला जज ने झंडी दिखाकर किया रवाना
फिरोजाबाद, 04 मई (हि.स.)। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार के लिए सोमवार को जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहनों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद का “न्याय रथ”, पुलिस विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी, फिरोजाबाद द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रचार वाहन सम्मिलित रहे, जो जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति आमजन को जागरूक करेंगे।
इसके उपरांत जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में समस्त न्यायिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक की गई, जिसमें अधिक से अधिक वादों के निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी न्यायिक अधिकारियों को लोक अदालत के माध्यम से अधिकतम वादों के सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु प्रेरित किया गया।
तत्पश्चात जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक संयुक्त बैठक की गई। जिसमें अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, समस्त बैंक प्रबंधकगण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर अधिकाधिक वादों के निस्तारण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर देव दत्त, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत एवं योगेश शिवा, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद उपस्थित रहे। जनपद न्यायाधीश डॉ बब्बू सारंग ने वादकारियों से अपील की है कि वह 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराएं।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

