मीरजापुरः राम-भरत मिलाप के भावुक दृश्य से गूंजा जयश्रीराम
- पुरजागीर-मवैया में उमड़ा जनसैलाब
मीरजापुर, 10 नवंबर (हि.स.)। जिले में कोन विकासखंड के पुरजागीर और मवैया गांव में भरत मिलाप मेले में श्रद्धा और उत्साह का संगम देखने को मिला। आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। दोनों स्थानों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
पुरजागीर बाजार में श्रीराम भरत मिलाप समिति की ओर से करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र को झालरों से सजाया गया था। मंगलवार भोर तीन बजे राधा-कृष्ण, शिवाजी, साईं बाबा, दुर्गा, राम दरबार और मां काली नृत्य समेत 20 झांकियां निकाली गईं। मेले में मिर्जापुर, भदोही और वाराणसी के दुकानदारों ने दुकानें लगाईं। उधर, मवैया में बाल भरत मिलाप समिति की ओर से 15 झांकियां निकाली गईं। इनमें राम दरबार, राधा-कृष्ण और शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। लखनपुर तिराहे पर राम-भरत मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। जयश्रीराम के उद्घोष से क्षेत्र गूंज उठा। आरती के बाद रात साढ़े आठ बजे मेला संपन्न हुआ। दोनों स्थानों पर थाना प्रभारी चील्ह ब्रह्मदीन पांडेय के नेतृत्व में पुलिसकर्मी सुरक्षा में मुस्तैद रहे। पुरजागीर में आयोजकों ने पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

