मीरजापुर में 27 मार्च को निकलेगी भव्य राम नवमी शोभायात्रा, तैयारियां पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर में 27 मार्च को निकलेगी भव्य राम नवमी शोभायात्रा, तैयारियां पूर्ण


मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। श्रीराम नवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस वर्ष 27 मार्च को संगमोहाल से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार, मुख्य शोभायात्रा से पहले जनजागरण के तहत 24 मार्च को मोटरसाइकिल यात्रा और 25 मार्च को महिलाओं की स्कूटी यात्रा निकाली जाएगी। दोनों यात्राएं रेलवे स्टेशन परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगी।

शोभायात्रा का रूट कटरा कोतवाली, कच्ची सड़क, रतनगंज, तेलियागंज, डंकीनगंज, पक्की सराय, घंटाघर, बसनहीं बाजार, धुंधी कटरा, गुड़हट्टी, मुकेरी बाजार, लालडिग्गी और गणेशगंज होते हुए संगमोहाल स्थित हनुमान मंदिर पर समाप्त होगा।

विहिप के विभाग मंत्री रामचन्द्र शुक्ल ने बताया कि मीरजापुर की यह शोभायात्रा प्रदेश की शीर्ष 10 यात्राओं में शुमार है, जो यहां की आस्था और जनभागीदारी को दर्शाती है। नगर अध्यक्ष राज माहेश्वरी ने इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए सभी से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और भक्ति संगीत मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपने घरों पर भगवा ध्वज लगाने और शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story