पढ़ाई के लिए निरंतर परिश्रम करें, शासन हर कदम पर आपके साथ है : चारु चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
पढ़ाई के लिए निरंतर परिश्रम करें, शासन हर कदम पर आपके साथ है : चारु चौधरी


फिरोजाबाद, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य चारू चौधरी ने मंगलवार को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

आयोग की सदस्य चारू चौधरी पहले अस्पताल पहुंची। जहां उन्होंने अस्पताल की ओपीडी सेवाओं, प्रसूति विभाग, दवाओं की उपलब्धता तथा प्रयोगशाला सुविधाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया एवं मरीजों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 25 से 30 सामान्य प्रसव तथा 8 से 10 सिजेरियन, ऑपरेटिव केस सफलतापूर्वक कराए जा रहे हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को दर्शाते हैं। ओपीडी में प्रति डॉक्टर प्रतिदिन 70 से 80 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी जा रही हैं। अस्पताल में 2 अल्ट्रासाउंड डॉक्टर तैनात हैं। सामान्य केसों के लिए 20 दिन से 1 माह की तिथियां (वेटिंग) दी जाती हैं, परंतु आपातकालीन एवं ब्लीडिंग वाले गंभीर मरीजों को सीएमएस के माध्यम से तत्काल अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने अस्पताल में मरीजों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा अति-आवश्यक मामलों में मरीजों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात सदस्या चारू चौधरी ने 'सखी वन स्टॉप सेंटर' का औचक निरीक्षण कर वहाँ की व्यवस्थाओं, आवास, भोजन व सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और बच्चों से सीधा संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया। बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए निरंतर परिश्रम करें, क्योंकि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। शासन हर कदम पर आपके साथ है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story