आंधी-ओलावृष्टि से दीवार ढही, बच्ची सहित दो की मौत; चार घायल

WhatsApp Channel Join Now
आंधी-ओलावृष्टि से दीवार ढही, बच्ची सहित दो की मौत; चार घायल


फिरोजाबाद, 09 अक्टूबर (हि.स.)। थाना जसराना क्षेत्र में शुक्रवार को आई तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने कहर बरपा दिया। ग्राम चनारी में आटा चक्की की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से चक्की संचालक और एक बालिका की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल है। जिन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

थाना जसराना के ग्राम चनारी निवासी गिरीश कुमार की गांव में आटा चक्की की दुकान है। शुक्रवार को अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने लगी। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग चक्की के पास खड़े हो गए। इसी दौरान पढ़कर आ रहा आठ वर्षीय तनिष्क भी बारिश से बचने के लिए वहां रुक गया।

इसी बीच अचानक चक्की की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में गिरीश कुमार और तनिष्क दब गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लोकेंद्र, राधा, महेश और धर्मेंद्र घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए कस्बा पालन के निजी अस्पतालों में पहुंचाया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने से गांव में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story