रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बरेका में कर्मचारियों संग कैंटीन में किया दोपहर का भोजन

WhatsApp Channel Join Now
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बरेका में कर्मचारियों संग कैंटीन में किया दोपहर का भोजन


—लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित किया, कर्मचारियों सेआत्मीय संवाद

वाराणसी,31 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी दौरे में शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने बरेका के स्वागती हॉल में देश के प्रथम गृह मंत्री भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं एकीकरण के लिए उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। इस दौरे का एक विशेष और आत्मीय क्षण उस समय देखने को मिला, जब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बरेका कर्मचारी कैंटीन में औपचारिक परिवेश से अलग हटकर सीधे कर्मचारियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से सहज एवं आत्मीय वातावरण में बातचीत की तथा उनकी कार्यप्रणाली, कार्यस्थल की कैंटीन खान पान की सुविधाओं, अनुभवों एवं सुझावों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

देश के रेल मंत्री को अपने बीच बैठकर भोजन करते और सहजता से बातचीत करते देख कर्मचारियों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। कर्मचारियों ने रेलमंत्री के इस आत्मीय एवं सहज व्यवहार की सराहना करते हुए इसे अपने लिए गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय अनुभव बताया। इस दौरान रेल मंत्री ने बरेका के विभिन्न कर्मचारी संगठनों, जिनमें बरेका कर्मचारी परिषद, एससी/एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ एवं मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों उनकी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर सकारात्मक चर्चा की। इस दौरान कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी भी सौंपे। रेलमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उचित सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बरेका में कार्यरत महिला कर्मचारियों से भी रेलमंत्री ने विशेष रूप से संवाद किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण, बेहतर सुविधाओं तथा रेलवे के कार्यों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने रेलवे की प्रगति एवं विकास में महिला कर्मचारियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर अध्यक्ष, रेलवे बोर्ड एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार तथा महाप्रबंधक,बरेका आशुतोष पंत,प्रमुख विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story