गांव-गांव पहुंची रेल सुरक्षा की पाठशाला, मोबाइल वैन से दिया जा रहा जागरूकता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
गांव-गांव पहुंची रेल सुरक्षा की पाठशाला, मोबाइल वैन से दिया जा रहा जागरूकता का संदेश


- रेलवे की अनोखी पहल, 60 दिन तक घर-घर पहुंचेगा सुरक्षा का संदेश

मीरजापुर, 03 जून (हि.स.)। रेल पटरियों पर लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रयागराज मंडल ने अनोखी पहल शुरू की है। मोबाइल वीडियो वैन के जरिए गांव-गांव और स्टेशन-स्टेशन पहुंचकर लोगों को रेल सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जा रही है। यह विशेष अभियान 19 मई से शुरू होकर अगले 60 दिनों तक चलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, समपार फाटकों, ट्रैक किनारे बसे गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में मोबाइल वीडियो वैन के माध्यम से लोगों को रेल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

अभियान के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार करने, बंद रेलवे फाटक के नीचे से निकलने, चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकने, ट्रैक के आसपास लापरवाही बरतने तथा रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी खतरनाक गतिविधियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

मोबाइल वीडियो वैन में रेल सुरक्षा से संबंधित वीडियो क्लिप, ऑडियो संदेश, एनिमेटेड फिल्में और लघु चलचित्र प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इन माध्यमों से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों और युवाओं को जागरूक करते हुए बताया जा रहा है कि कुछ क्षणों की असावधानी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे रेलवे ट्रैक और समपार फाटकों पर पूरी सतर्कता बरतें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें। उनका कहना है कि जनसहभागिता और जागरूकता के जरिए ही रेल दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

प्रयागराज मंडल प्रशासन का मानना है कि सुरक्षित रेल यात्रा और संरक्षित रेल परिसंपत्तियों के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह अभियान लगातार विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story