दिशा की बैठक में विकास से जुडे मुद्दों पर हुई चर्चा, राहुल गांधी के प्रतिनिधि अमेठी के सांसद किशोरी लाल ने की अध्यक्षता
रायबरेली, 06अप्रैल (हि.स.)। रायबरेली की जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक अमेठी के सांसद व राहुल गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई । इसमें प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे। बैठक में जिले के विकास से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने दिशा से सम्बन्धित समस्त योजनाओं की जानकारी दी। सांसद ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीनदयाल उपाध्याय-ग्रामीण योजना सहित अन्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
सांसद किशोरीलाल ने जिलाधिकारी को सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य से संबंधित जन प्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जनपद में बन रहे बाईपास सड़कों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि जल निकायों की मरम्मत, नवीनीकरण एवं पुनरूद्वार प्राथमिकता से कराया जायें। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते हुए जनपद में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी जिसमें अवगत कराया गया कि सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त एल0पी0जी0 गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने पूर्व में आयोजित दिशा बैठक के अनुपालन आख्या की भी समीक्षा की तथा संतोष व्यक्त किया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जन सुविधाओं से जुड़े अनेक सुझाव और समस्याओं को भी रखा गया। सर्वसम्मति से तय हुआ कि विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु एक ठोस कार्य योजना बनाकर कार्य किये जायँ। जनप्रतिनिधि व अधिकारी जनपद के विकास के लिये समन्वय बनाकर टीम भावना से कार्य करें, जिससे जनपद विकास में अग्रणी रहे।
इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, विधायक बछरावां श्याम सुन्दर भारती, विधायक हरचंदपुर राहुल राजपूत, विधायक सरेनी देवेन्द्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका रायबरेली शत्रोहन सोनकर, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 नवीन चन्द्रा, सहित सम्बन्धित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

