पुरवाई लोक कला सम्मान के लिए रामदरश शर्मा और पवन पंक्षी चयनित

WhatsApp Channel Join Now
पुरवाई लोक कला सम्मान के लिए रामदरश शर्मा और पवन पंक्षी चयनित


पुरवाई लोक कला सम्मान के लिए रामदरश शर्मा और पवन पंक्षी चयनित


गोरखपुर, 29 जुलाई (हि.स.)।

लोक संस्कृति और लोक कलाओं के संरक्षण-संवर्धन के लिए समर्पित संस्था ‘पुरवाई कला’ ने प्रतिष्ठित ‘पुरवाई लोक कला सम्मान-2026’ के लिए कलाकारों के नामों की घोषणा कर दी है। संस्था के संस्थापक एवं प्रख्यात रंगकर्मी स्वर्गीय डॉ. राजीव केतन की स्मृति में दिए जाने वाले इस सम्मान के लिए अंतरराष्ट्रीय लोक गायक रामदरश शर्मा को वरिष्ठ कलाकार वर्ग तथा अंतरराष्ट्रीय लोक गायक पवन पंक्षी को युवा कलाकार वर्ग में चयनित किया गया है।

दोनों कलाकारों को लोक संगीत, लोक संस्कृति और भारतीय सांगीतिक परंपराओं के संरक्षण एवं प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह दो अगस्त को विजय चौक स्थित होटल ब्लैक हार्स के सभागार में आयोजित होगा।

संस्था के पदाधिकारियों ने बुधवार को बताया कि डॉ. राजीव केतन ने अपना जीवन लोककला, रंगमंच और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार के लिए समर्पित कर दिया था। उनकी स्मृतियों और सांस्कृतिक संकल्पों को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय स्तर के एक वरिष्ठ और एक युवा लोक कलाकार को ‘पुरवाई लोक कला सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से जहां वरिष्ठ कलाकारों की दीर्घकालीन साधना का अभिनंदन किया जाएगा। वहीं युवा प्रतिभाओं को लोककला की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

सम्मान के लिए कलाकारों के चयन का निर्णय बुधवार को गोरखनाथ स्थित संस्था कार्यालय में आयोजित तीन सदस्यीय चयन समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में संस्था की अध्यक्ष ममता श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष हृदया त्रिपाठी तथा अंकिता त्रिपाठी उपस्थित रहीं। समिति ने दोनों कलाकारों की दीर्घकालीन सांगीतिक साधना, लोकसंगीत के क्षेत्र में योगदान और सांस्कृतिक सक्रियता पर विचार करने के बाद सर्वसम्मति से उनके नामों पर मुहर लगाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story