जौनपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए अनंतिम मतदाता सूची जारी
जौनपुर ,24 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए अनंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में 6 लाख 79 हजार 759 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 5 लाख 75 हजार 889 नाम सूची से हटाए गए हैं।
इस संबंध में बुधवार को जानकारी लेने पर पंचायत चुनाव अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 की मतदाता सूची की तुलना में, 2025 के पुनरीक्षण अभियान में कुल 1 लाख 3 हजार 870 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त, 64 हजार 841 मतदाताओं के नामों में संशोधन किया गया है। यह अनंतिम सूची 23 दिसंबर को प्रकाशित की गई थी। मतदाता 23 से 30 दिसंबर तक बीएलओ और एसडीएम स्तर पर दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इन दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन छह फरवरी को किया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत की निर्वाचक नामावली के लिए दो महीने से अधिक समय तक वृहद पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। वर्ष 2021 में कुल मतदाताओं की संख्या 36 लाख 20 हजार 18 थी, जो अब अनंतिम सूची में बढ़कर 37 लाख 23 हजार 888 हो गई है। इसमें 19 लाख 66 हजार 213 महिला मतदाता और 17 लाख 57 हजार 675 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
विभिन्न ब्लॉकों की अनंतिम मतदाता सूची के अनुसार, धर्मापुर में 82,862, बदलापुर में 1,89,954, रामपुर में 1,81,102, मुफ्तीगंज में 1,21,902, जलालपुर में 1,59,281, डोभी में 1,55,526, सिकरारा में 1,64,399, महराजगंज में 1,56,386, मड़ियाहूं में 1,96,901, सुजानगंज में 2,10,668, केराकत में 1,67,025, सुइथाकला में 1,76,647, सिरकोनी में 1,46,942, खुटहन में 2,05,931, बरसठी में 1,92,128, रामनगर में 1,94,255, बक्शा में 1,78,609, करंजाकला में 1,95,844, मछलीशहर में 2,05,595, मुंगराबादशाहपुर में 1,64,275 और शाहगंज में 2,77,656 मतदाता दर्ज किए गए हैं।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

