महिला आरक्षण के समर्थन में मीरजापुर में आक्रोश मार्च, विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण के समर्थन में मीरजापुर में आक्रोश मार्च, विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी


मीरजापुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा में नारी सशक्तिकरण वंदन अधिनियम से जुड़े संविधान संशोधन बिल को पारित न होने देने के विरोध में शहर की महिलाओं ने रविवार को आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। दीपा उमर के नेतृत्व में निकला यह मार्च मुकेरी बाजार तिराहे से लालडिग्गी चौराहे तक गया, जहां महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने विपक्षी दलों के खिलाफ नारे लगाए और महिला आरक्षण बिल का विरोध करने का आरोप लगाया। मार्च में शामिल महिलाएं महिलाओं के अधिकारों पर वार, सपा-कांग्रेस जिम्मेदार जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़ीं। मार्च का नेतृत्व कर रहीं दीपा उमर ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पर अड़ंगा लगाने वाली विपक्षी पार्टियों को आधी आबादी कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अधिकार लेकर रहेंगी और इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।

आक्रोश मार्च में बीना सिंह, शशिकला मिश्रा, सुमन यादव, सुमन बिंद, भावना बरनवाल, प्रियंका त्रिपाठी, उर्मिला बरनवाल, दीपा केशरी, किरण जायसवाल, सोनी भारतीय, पूजा मौर्य और सुनीता गुप्ता समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story