अधिवक्ताओं ने एसडीएम के विरुद्ध हवन कर किया प्रदर्शन, अनियमितता का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now
अधिवक्ताओं ने एसडीएम के विरुद्ध हवन कर किया प्रदर्शन, अनियमितता का लगाया आरोप


वाराणसी, 16 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में राजातालाब तहसील में अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। गुरुवार को प्रदर्शन के पांचवे दिन अधिवक्ताओं ने एसडीएम की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन कर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर अनियमितता का आरोप लगाया और कहा कि बार अध्यक्ष से कथित दुर्व्यवहार करने वाले एसडीएम का आना-जाना सायंकाल के बाद हो रहा है। पांच बजे जब अधिवक्ताओं का चला जाना होता है तो एसडीएम आते हैं।

प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ता आशीष सिंह ने कहा कि एसडीएम का सायंकाल छह बजे आना और रात में जाना बता रहा है, वह अधिवक्ताओं से मिलना नहीं चाहते। उनके इस तरह से आने-जाने से तहसील के तमाम कार्य भी बाधित हो रहे हैं क्योंकि कर्मचारी अपने समय से तहसील आते और जाते हैं। अब उनकी मांग है कि जिला प्रशासन मामले में हस्तक्षेप करते हुए एसडीएम का स्थानांतरण करे।

बताया जा रहा है कि गत दिनों बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के साथ कुछ अधिवक्ताओं ने एसडीएम से मिलकर अपनी बातों को रखना चाहा था लेकिन एसडीएम ने साफ इनकार कर दिया था। जिसके कारण अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। नियमित प्रदर्शन के आज पांचवे दिन अधिवक्ताओं ने हवन किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story