अहरौरा डैम काे तीन गुना बारिश से लबालब भरा देख प्रमुख सचिव बोले अफवाहों पर ध्यान न दें
- डैम में नहीं है किसी तरह का रिसाव, सातों गेटों की व्यवस्था दुरुस्त
मीरजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले में इस वर्ष हुई रिकॉर्ड बारिश का असर जलाशयों पर साफ दिखाई दे रहा है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार तीन गुना से अधिक बारिश होने से अहरौरा डैम पहली बार पूरी तरह लबालब भर गया है। बुधवार को मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने पहुंचे उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इतनी अच्छी बारिश को मां विंध्यवासिनी की कृपा के रूप में देखा जा रहा है।
प्रमुख सचिव ने कहा कि अहरौरा डैम इससे पहले कभी पूरी तरह नहीं भरा था, लेकिन इस वर्ष हुई अधिक बारिश के कारण जलाशय पूरी क्षमता तक पहुंच गया है। उन्होंने डैम को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि लोगों को किसी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अहरौरा डैम में कहीं भी रिसाव नहीं है। डैम में कुल सात गेट हैं। इनमें से कुछ गेट पहले खराब थे, जिन्हें नया बनाकर दुरुस्त करा दिया गया है। जलाशय की स्थिति पर सिंचाई विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और जलस्तर समेत गेटों की स्थिति की नियमित जानकारी ली जा रही है।
इस दौरान जिलाधिकारी सहित नगर मजिस्ट्रेट और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डैम की स्थिति का जायजा लेते हुए जलस्तर, गेटों की व्यवस्था और जल निकासी की तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों के मुताबिक डैम की सुरक्षा और संचालन को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

