लेखपाल मुख्य परीक्षा की तैयारियां पूरी, 21 मई को 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
लेखपाल मुख्य परीक्षा की तैयारियां पूरी, 21 मई को 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा


मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। लेखपाल मुख्य परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने की।

बैठक में परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई को एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले यानी सुबह 9:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जनपद में परीक्षा के लिए कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली एवं सुरक्षा व्यवस्था समय से सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने तथा शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सभी उपजिलाधिकारी एवं परीक्षा केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story