जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू


मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। जनगणना-2027 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण के तहत मकानों की गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक पूरा किया जाना है। इसी क्रम में फील्ड स्तर पर कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरूवार से शुरू कर दिया गया है।

अपर जिलाधिकारी (वि/रा) एवं प्रभारी अधिकारी जनगणना अजय कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में प्रथम चरण के सफल क्रियान्वयन के लिए तीन मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं, जो लखनऊ स्थित जनगणना निदेशालय से चार दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा जिले में कुल 84 फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति की गई है।

इन फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित करने के लिए तीन बैच बनाए गए हैं। इनमें से दो बैचों का प्रशिक्षण जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में 18 मार्च से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा, जबकि तीसरे बैच का प्रशिक्षण 23 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में पहुंचकर ट्रेनरों को संबोधित किया। अधिकारियों ने जनगणना के महत्व और उसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर मकानों की गणना का कार्य पूरी जिम्मेदारी और सटीकता के साथ पूरा किया जाए।

प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो, ताकि आगे की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story