पीआरडी जवान का शव नदी में मिला

WhatsApp Channel Join Now
पीआरडी जवान का शव नदी में मिला


मीरजापुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मीरजापुर जाने की बात कहकर सोमवार दोपहर घर से निकले 50 वर्षीय पीआरडी जवान का शव मंगलवार सुबह पड़री थाना क्षेत्र के चट्टर नदी में मिला। शव की पहचान मोहनपुर गांव निवासी मुन्नी यादव के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजन के अनुसार, मुन्नी यादव सोमवार दोपहर मीरजापुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह चट्टर नदी में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के बड़े बेटे दिलीप कुमार यादव ने शव की शिनाख्त की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया नदी में डूबने से पीआरडी जवान की मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story