कटघर स्थित अति प्राचीन भोलेगिरि मंदिर का पर्यटन विभाग कराएगा सुंदरीकरण

WhatsApp Channel Join Now
कटघर स्थित अति प्राचीन भोलेगिरि मंदिर का पर्यटन विभाग कराएगा सुंदरीकरण


मंत्री नन्दी के प्रस्ताव पर सुंदरीकरण के लिए 1.87 करोड़ रूपए हुए स्वीकृत

प्रयागराज, 20 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड प्रयागराज के शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के कटघर मोहल्ले में स्थित अति प्राचीन भोलेगिरि मंदिर का सुन्दरीकरण का कार्य कराएगा। इसके लिए विभाग ने 1.87 करोड़ रूपए की धनराशि स्वीकृत की है। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की पहल एवं प्रस्ताव पर पर्यटन विभाग ने स्वीकृति प्रदान की है।

प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में कई प्राचीन एवं अति प्राचीन मंदिर स्थित हैं। जहां सामान्य दिनों में, त्यौहारों पर एवं माघ मेला व कुम्भ मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ होती है। संगम क्षेत्र से सटा होने के कारण प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों का सुन्दरीकरण कराया जा रहा है। जिसके सुंदरीकरण के लिए लिए उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी सबसे आगे एवं प्रयासरत रहते हैं। कटघर स्थित भोलेगिरि मंदिर शहर के अति प्राचीन शिव मंदिरों में एक है, जिसे करीब 150 वर्ष पुराना बताया जाता है। जहां श्रावण मास, प्रमुख त्यौहार एवं सोमवार के साथ ही सामान्य दिनों में भी भक्तों की भारी भीड़ पूजन-अर्चन करने के लिए आती है। मंदिर की महत्ता और प्राचीनता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अति प्राचीन मंदिर के सुंदरीकरण एवं मरम्मत का प्रस्ताव पर्यटन मंत्री को भेजा था। पर्यटन विभाग ने भोलेगिरि मंदिर के मरम्मत एवं सुन्दरीकरण कार्य के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करते हुए शुक्रवार को 1.87 करोड़ रूपए की धनराशि स्वीकृत करने का आदेश जारी किया। मंदिर के प्रवेश द्वार पर मुख्य द्वार के साथ ही मंदिर परिसर में 45 लाख रूपए की लागत से एक भव्य कॉरिडोर भी बनवाया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 34.47 लाख रूपए की लागत से यात्री शेड हॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही फर्श, दीवाल, नाली आदि की मरम्मत के साथ ही विद्युतीय सजावट एवं अन्य सजावट का कार्य कराया जाएगा।

मंत्री नन्दी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास के साथ ही विरासत को संजोते हुए कार्य कर रही है। एक तरफ जहां जगह-जगह नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। लोगों को रोजगार मिल रहा है। वहीं सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर एवं विरासत को भी संजोया और संवारा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story