सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चला रही कल्याणकारी योजनाएं : पीयूष रंजन निषाद

WhatsApp Channel Join Now
सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चला रही कल्याणकारी योजनाएं : पीयूष रंजन निषाद


करछना में 101 दिव्यांगजनों को बांटे गए कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण, 50 ट्राइसाइकिल सहित 141 उपकरणों का हुआ वितरण

प्रयागराज, 21 नवंबर (हि.स.)। केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के सामाजिक उत्थान और स्वावलंबन के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही हैं। सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश चहुंमुखी विकास की ओर बढ़ रहा है। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहायक उपकरणों का वितरण सराहनीय पहल है। यह बातें करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद ने शनिवार को विकास खंड परिसर करछना में आयोजित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में कहीं।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विभाग को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक पीयूष रंजन निषाद और विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत प्रमुख सरोज कमलेश द्विवेदी ने अपने हाथों से 101 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें 50 ट्राइसाइकिल, तीन व्हीलचेयर, चार स्मार्ट केन, चार एमआर किट और 80 कान की मशीन शामिल हैं। इस प्रकार कुल 141 सहायक उपकरण वितरित किए गए।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और दिव्यांगजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बचपन डे केयर सेंटर के समन्वयक चंद्रभान द्विवेदी, आशीष वर्मा, शैलेंद्र कुमार दूबे, राजू सहित दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के कर्मचारी, विकास खंड करछना के कर्मचारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781179 Articles

Share this story