बिना शुद्धिकरण के गंदा पानी किसी भी हालत में गंगा में नहीं जाना चाहिए : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
बिना शुद्धिकरण के गंदा पानी किसी भी हालत में गंगा में नहीं जाना चाहिए : गणेश केसरवानी


रसूलाबाद एसटीपी का महापौर ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

प्रयागराज, 19 मार्च (हि.स.)। बिना शुद्धिकरण के गंदा पानी किसी भी हालत में गंगा में नहीं जाना चाहिए। यह बातें गुरुवार को रसूलाबाद स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण के बाद प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।

उन्होंने संबंधित विभागों को सभी टैपिंग प्वाइंट्स को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने और तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

महापौर ने जलकल विभाग, नगर निगम, नमामि गंगे तथा गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अधिकारियों के साथ एसटीपी परिसर और विभिन्न टैपिंग प्वाइंट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, जल निकासी, सीवेज ट्रीटमेंट प्रक्रिया और कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया गया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शहर की स्वच्छता और गंगा की निर्मलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर उमेश चंद गणेश केसरवानी ने गुरुवार को रसूलाबाद स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और सुधार के सख्त निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रहे कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने पारदर्शिता और नियमित निरीक्षण बनाए रखने पर जोर दिया।

इस मौके पर महाप्रबंधक जलकल कुमार गौरव, मुख्य अभियंता (सिविल) डी.एस. सचान, सहायक अभियंता आशीष यादव, जोनल अधिकारी नवनीत संखवार, मंडल अध्यक्ष सिविल लाइंस मनोज श्रीवास्तव, हिमालय सोनकर और हरीश केसरवानी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story