जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत प्रयागराज में 28,974 परिवार चिन्हित, सरकारी योजनाओं का लाभ देने की प्रक्रिया तेज

WhatsApp Channel Join Now
जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत प्रयागराज में 28,974 परिवार चिन्हित, सरकारी योजनाओं का लाभ देने की प्रक्रिया तेज


प्रयागराज, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत प्रयागराज जनपद में निर्धनतम परिवारों को चिन्हित कर उन्हें सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अभियान के तहत जिले में 28,974 परिवारों का चिन्हीकरण किया गया है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से संबंधित योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में 2 अक्टूबर को शुरू किए गए जीरो पॉवर्टी अभियान का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर सबसे गरीब परिवारों की पहचान कर , उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं में प्राथमिकता देना और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार कर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रयागराज जनपद में चिन्हित परिवारों को योजनाओं से संतृप्त करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।

सीडीओ ने बताया कि जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित 28,974 निर्धनतम परिवारों को सभी सरकारी योजनाओं के लाभ से आच्छादित किए जाने के लिए विभागवार कार्रवाई की जा रही है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से अब तक वंचित रहे 12,532 परिवारों को आवास योजना से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।

वहीं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से भी गरीब परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। मिशन के तहत जनपद में 20,018 परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 4,922 परिवार पहले से जुड़े थे। शेष 14,081 परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य था, जिसमें से अब तक 11,816 परिवारों को आजीविका मिशन से जोड़ा जा चुका है। इस प्रकार लगभग 84 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि अभियान के अंतर्गत शेष परिवारों को भी जल्द से जल्द योजनाओं से आच्छादित कर जनपद में गरीबी उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story