विहिप विंध्याचल विभाग संगठन मंत्री के भाई दो दिन से लापता, तलाश में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
विहिप विंध्याचल विभाग संगठन मंत्री के भाई दो दिन से लापता, तलाश में जुटी पुलिस


प्रयागराज, 22 अगस्त (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद विंध्याचल विभाग के संगठन मंत्री अमित पाठक के भाई अजय शंकर पाठक दो दिन पूर्व घर से टहलने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शनिवार को विहिप के कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रयागराज के नैनी थाने पहुंचे। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी और गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने अजय शंकर पाठक उम्र 65 वर्ष की गुमशुदगी दर्ज करने के साथ ही लापता अजय शंकर पाठक की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर तलाश करने के साथ ही उपलब्ध जानकारी और अन्य माध्यमों से सुराग जुटाने में लगी हैं। परिजनों और कार्यकर्ताओं की ओर से भी अपने स्तर पर उनकी तलाश की जा रही है।

इस संबंध में विहिप गौरक्षा के प्रांत मंत्री लालमणि तिवारी, विद्यासागर द्विवेदी, वीरेंद्र मणि त्रिपाठी, लवलेश बजरंगी, शिवम द्विवेदी, विजय पांडेय, दुर्गेश सिंह, मनीष श्रीवास्तव और संकर्षण पांडेय समेत कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी थाना नैनी पहुंचे और पुलिस से शीघ्र तलाश कराए जाने की मांग की।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि लापता व्यक्ति के संबंध में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द से जल्द लापता व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story