जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश में हो रहा है एक नए युग का निर्माण : गुरु प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश में हो रहा है एक नए युग का निर्माण : गुरु प्रसाद मौर्य


जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश में हो रहा है एक नए युग का निर्माण : गुरु प्रसाद मौर्य


प्रयागराज, 18 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास, प्रगति और उन्नति की ओर अग्रसर है। सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में एक नए युग का निर्माण हो रहा है। यह बातें बुधवार को योगी सरकार के नौ वर्ष पूरा होने पर प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाफामऊ के विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने कही।

उन्होंने “डबल इंजन” सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आवास, गैस कनेक्शन, बिजली, शौचालय, नल से जल एवं आयुष्मान योजना जैसी सुविधाएं बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही सड़कों, एक्सप्रेस-वे और पुलों के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है और प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।

उत्तर प्रदेश सरकार के “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के अवसर पर लखनऊ में आयोजित वार्षिक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का जिला पंचायत सभागार, प्रयागराज में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फाफामऊ विधायक गुरू प्रसाद मौर्य, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इस दौरान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ द्वारा “नवनिर्माण के 09 वर्ष” पर आधारित वार्षिक पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसका सीधा प्रसारण सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने देखा और सुना।

कार्यक्रम में प्रयागराज मंडल एवं जनपद के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बाबा साहब अम्बेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को अनुदान राशि के डेमो चेक वितरित किए गए।

इस अवसर पर विधायक द्वारा पांच महिलाओं की गोदभराई एवं दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि, जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा, परियोजना निदेशक भूपेंद्र सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी रविशंकर द्विवेदी, डीसी मनरेगा गुलाब चंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story