महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों का लिखित परीक्षा परिणाम घोषित, 27 अक्टूबर से साक्षात्कार

WhatsApp Channel Join Now
महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों का लिखित परीक्षा परिणाम घोषित, 27 अक्टूबर से साक्षात्कार


शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी जानकारी, 14 अक्टूबर से डाउनलोड होंगे साक्षात्कार-पत्र

प्रयागराज, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी सोमवार को आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि साक्षात्कार 27 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए शैक्षिक अभिलेख, कार्य अनुभव प्रमाण-पत्र और निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत प्राचार्य के 111 पदों पर चयन के लिए 24 सितंबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद 26 सितंबर को अनंतिम उत्तरकुंजी जारी कर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों से निस्तारण कराने और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के बाद साक्षात्कार के लिए अर्ह अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित किया गया है।

14 अक्टूबर से डाउनलोड कर सकेंगे साक्षात्कार-पत्र

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 27, 28, 29 और 30 अक्टूबर को होंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक अभिलेख, कार्य अनुभव प्रमाण-पत्र और निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र आयोग के पोर्टल पर अपलोड करना होगा। अभिलेख अपलोड करने के बाद अभ्यर्थी 14 अक्टूबर से अपना साक्षात्कार-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

वेबसाइट पर उपलब्ध हैं दिशा-निर्देश

आयोग ने साक्षात्कार-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया, महत्वपूर्ण निर्देश और शपथ-पत्र का प्रारूप अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय में सभी जरूरी अभिलेख अपलोड कर लें और साक्षात्कार से संबंधित निर्देशों का पालन करें।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि घोषित लिखित परीक्षा परिणाम के संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत अलग से कोई प्रार्थना-पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परिणाम और साक्षात्कार से जुड़ी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story