उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी


प्रयागराज, 16 अगस्त (हि.स.)। आगामी चौबीस घंटे के मध्य प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। जबकि आठ जनपदों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी किया है। यह जानकारी रविवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने दी।

उन्होंने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश, 38 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर बादलों के बनने से कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। उन्होंने लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी।

आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी और गोंडा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।

उप्र के 38 जिलों में मध्यम से तेज बारिश

प्रदेश के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, महोबा, जालौन, अमेठी, ललितपुर, झांसी, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, अमरोहा, मुरादाबाद, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

बिजली गिरने का खतरा, सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसान भी खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें। तेज गरज-चमक होने पर सुरक्षित स्थान पर रहना बेहतर होगा।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने से अगले कुछ समय तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, बारिश की तीव्रता अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रह सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story