पीडीए के 465 रिक्त फ्लैटों के आवंटियों को ऋण दिलाने को 28 अक्टूबर से बैंकों का लगेगा शिविर

WhatsApp Channel Join Now
पीडीए के 465 रिक्त फ्लैटों के आवंटियों को ऋण दिलाने को 28 अक्टूबर से बैंकों का लगेगा शिविर


प्राधिकरण परिसर में लगेगा शिविर, आवंटन पत्र प्राप्त करने वाले आवेदकों को मिलेगी सुविधा

प्रयागराज, 28 अक्टूबर (हि.स.)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की विभिन्न आवासीय योजनाओं में रिक्त 465 फ्लैटों के आवंटियों को अब बैंक से ऋण प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। इसके लिए 28 अक्टूबर से प्राधिकरण परिसर में विभिन्न बैंकों की ओर से शिविर लगाया जाएगा। शिविर में उन आवेदकों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिन्हें फ्लैट आवंटन पत्र जारी किया जा चुका है।

इस संबंध में पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर को विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आवंटियों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने और आवास खरीदने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर चर्चा की गई। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्राधिकरण परिसर में बैंक शिविर लगाने की व्यवस्था की गई है, ताकि आवंटियों को ऋण के लिए अलग-अलग बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं सहायता मिल सके।

प्राधिकरण की ओर से अपनी विभिन्न योजनाओं में रिक्त 465 फ्लैटों की बिक्री के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसके तहत जिन आवेदकों को आवंटन पत्र जारी हो चुके हैं, वे शिविर में पहुंचकर संबंधित बैंक से ऋण की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और ऋण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य आवंटियों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है। इसी क्रम में विभिन्न बैंकों के सहयोग से प्राधिकरण परिसर में शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिन आवेदकों को आवंटन पत्र जारी हो चुका है, वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और संबंधित बैंक से संपर्क कर ऋण की प्रक्रिया पूरी करें। इससे पात्र आवंटियों को अपने आवास का सपना पूरा करने में सहायता मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768559 Articles

Share this story