शताब्दी वर्ष में 04 से 10 सितंबर तक मनाया जाएगा विहिप का स्थापना दिवस

WhatsApp Channel Join Now
शताब्दी वर्ष में 04 से 10 सितंबर तक मनाया जाएगा विहिप का स्थापना दिवस


शताब्दी वर्ष में 04 से 10 सितंबर तक मनाया जाएगा विहिप का स्थापना दिवस


हित चिंतक अभियान के जरिए घर-घर पहुंचेगा विश्व हिंदू परिषद, युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर

प्रयागराज, 23 अगस्त (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद प्रयाग महानगर दक्षिण के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर छमाही कार्ययोजना तैयार की गई है। चार से 10 सितंबर तक प्रत्येक प्रखंड में विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। वहीं संगठन के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की जन्मशती के अवसर पर 27 सितंबर से चार अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की शुरुआत प्रयागराज से करने और यहां बड़े कार्यक्रम के आयोजन की योजना है।

रविवार को 14 पन्नालाल मार्ग स्थित प्रांत कार्यालय के केशर भवन में विहिप प्रयाग महानगर दक्षिण के जिला कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। अध्यक्षता महानगर दक्षिण के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि बैठक में आगामी छह माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

22 नवंबर से 06 दिसंबर तक चलेगा हित चिंतक अभियान

संजय गुप्ता ने बताया कि स्थापना दिवस और अशोक सिंघल की जन्मशती के कार्यक्रमों के बाद 22 नवंबर से छह दिसंबर तक हित चिंतक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने के लिए गांव-गांव, गली-गली और घर-घर संपर्क किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाज को संगठित और जागरूक करने के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाना आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि समाज के सहयोग से धर्मांतरण और लव जिहाद जैसी गतिविधियों को रोकने में भी मदद मिलेगी।

सभी मत-पंथों के धर्मगुरुओं को कार्यक्रमों में बुलाने पर जोर

प्रयाग विभाग के संगठन मंत्री आलोक प्रताप ने कहा कि शारदीय नवरात्र में दुर्गा अष्टमी के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में हिंदू समाज के सभी मत, पंथ और संप्रदायों के धर्मगुरुओं को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और समाज में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

आलोक प्रताप ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज को जोड़ना और लोगों को सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शक्तियां धर्मांतरण के माध्यम से समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि यमुनापार क्षेत्र से ऐसी गतिविधि की सूचना मिलने पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाज से मिलने वाली ऐसी सूचनाओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। संतों के मार्गदर्शन और समाज के सहयोग से सामाजिक एकता बनाए रखने के लिए कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहेंगे।

संगठनात्मक विस्तार पर भी चर्चा

बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और प्रत्येक प्रखंड में संपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने और संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

बैठक में अमरनाथ तिवारी, विभाग मंत्री बृजभूषण सिंह, जिला उपाध्यक्ष देशराज कुशवाहा, जिला मंत्री मनीष श्रीवास्तव, विभाग संयोजक सुरेश शुक्ला, विभाग सहसंयोजक गौरव सिंह, अमित सिंह और महानगर संयोजक बजरंग दल शुभम कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story