बाल संस्कार केंद्रों के विस्तार की बनी योजना, बच्चों को संस्कार और भारतीय संस्कृति की दी जाएगी शिक्षा : किशोरी ताई
प्रयागराज, 25 जुलाई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यालय केसर भवन में शनिवार को बाल संस्कार केंद्रों के संचालन को लेकर मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की बहनों का अभ्यास वर्ग आयोजित किया गया। इसमें बच्चों के नैतिक और मानसिक विकास के लिए संस्कार केंद्रों को बढ़ाने पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गा वाहिनी किशोरी ताई ने कहा कि बाल संस्कार केंद्रों के माध्यम से बच्चों में अच्छे संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति समझ विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। केंद्रों पर बच्चों को खेल, योग, ध्यान, नैतिक शिक्षा और महापुरुषों के जीवन से जुड़ी कहानियों के माध्यम से सीख दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों को मंत्र उच्चारण, श्लोक, बड़ों का सम्मान और भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक परंपराओं से भी परिचित कराया जाएगा। इससे बच्चों में चरित्र निर्माण, एकाग्रता और मानसिक एवं भावनात्मक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
किशोरी ताई ने कहा कि काशी प्रांत के कई जिलों में पहले से बाल संस्कार केंद्र चल रहे हैं। अब इनका विस्तार करने और सेवा बस्तियों में भी केंद्र शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
कार्यक्रम में विभाग संगठन मंत्री अंशुमान, प्रांत मातृशक्ति सह प्रमुख रचना सिंह और प्रांत दुर्गा वाहिनी सह संयोजिका शुभांगी सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

