हलाल प्रमाणन काे लेकर पदयात्रा, लोगों से उत्पादों की जानकारी जांचकर खरीदारी की अपील

WhatsApp Channel Join Now
हलाल प्रमाणन काे लेकर पदयात्रा, लोगों से उत्पादों की जानकारी जांचकर खरीदारी की अपील


हनुमत निकेतन से सुभाष चौराहे तक निकली यात्रा, आयोजकों ने हलाल प्रमाणन व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रयागराज, 30 सितंबर (हि.स.)। हलाल नियंत्रण मंच के आह्वान पर बुधवार को सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन से सुभाष चौराहे तक पदयात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और प्रबुद्धजन शामिल हुए। हाथों में तख्तियां लेकर प्रतिभागियों ने हलाल प्रमाणन व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया और हलाल प्रमाण चिह्न वाले उत्पादों की खरीद को लेकर लोगों से अपनी पसंद के अनुसार निर्णय लेने की अपील की।

पदयात्रा के दौरान आयोजकों ने कहा कि उनका अभियान केवल मांस उत्पादों तक सीमित नहीं है। खाद्य पदार्थों के साथ सौंदर्य प्रसाधन, दवाइयों और दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुओं में दिए जाने वाले हलाल प्रमाणन को लेकर भी समाज को जागरूक किया जा रहा है।

आयोजकों ने हलाल प्रमाणन के लिए ली जाने वाली राशि और इसकी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे इसकी पारदर्शिता और उपयोग की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से एक समानांतर आर्थिक तंत्र को बढ़ावा मिलता है। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में धन के इस्तेमाल संबंधी आरोप भी प्रदर्शनकारियों ने लगाए, हालांकि पदयात्रा के दौरान इन आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया।

आयोजकों ने लोगों से अपील की कि किसी भी उत्पाद की खरीद से पहले उसके लेबल, प्रमाणन और सामग्री की जानकारी को ध्यान से पढ़ें और जागरूक उपभोक्ता के रूप में खरीदारी करें।

पदयात्रा में आशुतोष श्रीवास्तव, महेश सिंह, मनीष श्रीवास्तव, सुरेश शुक्ला, अमित सिंह, शुभम कुशवाहा, लवलेश बजरंगी, श्याम जी, शिवम द्विवेदी, विजय पांडेय और शिवदत्त मिश्र सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता

शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story