गौ संरक्षण और संवर्धन के साथ गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज आगे आए : चंपत राय

WhatsApp Channel Join Now
गौ संरक्षण और संवर्धन के साथ गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज आगे आए : चंपत राय


गौ संरक्षण और संवर्धन के साथ गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज आगे आए : चंपत राय


गौ संरक्षण और संवर्धन के साथ गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज आगे आए : चंपत राय


गौ आधारित कृषि, जैविक खाद और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए विहिप चला रहा अभियान, झूंसी की गौशाला में गो-अष्टमी पर हुआ गौ पूजन

प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के साथ गो आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समाज की सहभागिता जरूरी है। निराश्रित गोवंश को आश्रय देने, अवैध तस्करी रोकने, गोहत्या पर प्रतिबंध और गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद समाज के सहयोग से विभिन्न योजनाएं चला रहा है। गोबर और गोमूत्र से जैविक खाद एवं कीटनाशक बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यह बातें मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने झूंसी स्थित गौशाला में गो-अष्टमी के अवसर पर आयोजित गौ पूजन एवं गो संरक्षण संकल्प कार्यक्रम में कहीं।

उन्होंने कहा कि गायों के वैज्ञानिक, पर्यावरणीय और आर्थिक महत्व से समाज को परिचित कराने के लिए संगठन लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है। इसी उद्देश्य से गो विज्ञान परीक्षा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। गो आधारित कृषि को प्रोत्साहित करने और गोशालाओं की व्यवस्थाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज के लोगों को आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम में विधि-विधान से गायों और गोवंश को स्नान कराया गया। उन्हें फूलों की माला पहनाकर रोली और अक्षत का तिलक लगाया गया। इसके बाद हरा चारा, गुड़ और केला अर्पित कर गौ पूजन किया गया। पूजन का शुभारंभ विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कराया। इसके बाद हवन और गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौ संरक्षण और संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्रृंगवेरपुर के पूर्व जसवंत रामाश्रम के शास्त्री जी महाराज, फलाहारी आश्रम के महंत स्वामी रामरतन दास, प्रभुदत्त ब्रह्मचारी आश्रम के सियाराम जी, प्रांत संगठन मंत्री राजेंद्र, प्रांत अध्यक्ष कविंद्र प्रताप सिंह, प्रांत मंत्री डॉ. राजनारायण, प्रांत सह मंत्री सत्यप्रकाश सिंह, प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख आद्याशंकर मिश्रा, प्रांत समरसता प्रमुख भूपेंद्र सिंह प्राणनाथ और विभाग संगठन मंत्री आलोक सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर सुंदरकांड और हवन

विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यालय केशर भवन में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार और हिंदू समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अशोक सिंघल की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री राजेंद्र ने कहा कि सनातन संस्कृति, राष्ट्र सेवा, गो संरक्षण, वेदों के प्रचार और गंगा की निर्मलता के लिए अशोक सिंघल का योगदान सदैव स्मरण किया जाएगा। उनके विचार और साहस हिंदू समाज को हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह सुंदरकांड पाठ से हुआ। इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ और हवन किया गया। इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष कविंद्र प्रताप सिंह, प्रांत सह मंत्री सत्यप्रकाश सिंह, रविंद्र मोहन गोयल, अजय गुप्ता, विभाग संगठन मंत्री आलोक, प्रांत कार्यालय प्रमुख सुनील सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, श्याम चंद्र और अभिमन्यु शाही सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778866 Articles

Share this story