माध्यमिक विद्यालयों में 20,382 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी

WhatsApp Channel Join Now
माध्यमिक विद्यालयों में 20,382 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी


टीजीटी के 17,735 पदों पर आवेदन 24 अक्टूबर से, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के 2,647 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू

प्रयागराज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए तीन विज्ञापन जारी किए हैं। इनके माध्यम से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 17,735 पदों, प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों और प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस तरह कुल 20,382 पदों पर चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। भर्ती से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा, वहीं विद्यालयों में शिक्षकों और शैक्षणिक नेतृत्व की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

टीजीटी के 17,735 पदों पर आवेदन 24 अक्टूबर से

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, टीजीटी के 17,735 पदों पर ऑनलाइन आवेदन 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर और आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। टीजीटी भर्ती परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।

प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती

हाईस्कूल स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती होगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,037 और बालिका विद्यालयों के 135 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 23 अक्टूबर से शुरू हो गए हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। परीक्षा सात जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।

प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर होगा चयन

इंटरमीडिएट स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,318 और बालिका विद्यालयों के 157 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए भी 23 अक्टूबर से ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है। परीक्षा सात जनवरी 2027 को होगी।

तीनों भर्तियों के लिए ओटीआर अनिवार्य

आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य किया है। अभ्यर्थियों को संबंधित पद के लिए आवेदन करने से पहले ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें। शैक्षिक योग्यता, पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी भी विज्ञापन में दी गई है।

आयोग के सचिव का वर्जन

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि टीजीटी, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के कुल 20,382 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं। अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आवेदन से पहले संबंधित विज्ञापन में दी गई योग्यता, पात्रता तथा अन्य निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। सभी अभ्यर्थियों को ओटीआर पूरा करने के बाद ही आवेदन करना होगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर उपलब्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story