यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 जनवरी से, दो चरणों में होगी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा
पहले चरण में 10 और दूसरे चरण में आठ मंडलों के विद्यालयों में होगा आयोजन, सचिव भगवती सिंह ने पारदर्शिता और सुचारु संचालन के दिए निर्देश
प्रयागराज, 23 नवंबर (हि.स.)। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 जनवरी से शुरू होंगी। परीक्षाएं प्रदेश के सभी संबंधित जनपदों में दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। पहले चरण की परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी तक और दूसरे चरण की परीक्षाएं 20 से 28 जनवरी तक होंगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि परीक्षाओं का आयोजन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जाए और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।
परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों में परीक्षाएं होंगी। दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के जनपदों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा के आयोजन की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसे उपलब्ध कराया जा सके। प्रयोगात्मक परीक्षाओं से संबंधित अन्य जानकारी और परीक्षकों की नियुक्ति के संबंध में संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान और गृह विज्ञान विषय को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं गत वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर कराई जाएंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान विषय में 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में शामिल होना सुनिश्चित करना होगा।
हाईस्कूल के विज्ञान एवं गृह विज्ञान विषयों को छोड़कर अन्य विषयों के आंतरिक मूल्यांकन, नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट के नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए वेबसाइट एक जनवरी 2027 से उपलब्ध रहेगी।
परिषद ने विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में होंगी। कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के दूसरे एवं तीसरे सप्ताह में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की ओर से आयोजित कराई जाएंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

