यूपी बोर्ड ने 9वीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण के लिए दिया अंतिम मौका

WhatsApp Channel Join Now
यूपी बोर्ड ने 9वीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण के लिए दिया अंतिम मौका


26 अक्टूबर तक जमा करनी होगी नामावली, समयसीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की तय होगी जवाबदेही

प्रयागराज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 और 12 की परीक्षा के आवेदन से संबंधित नामावली जमा करने के लिए विद्यालयों को अंतिम अवसर दिया है। अब संबंधित विद्यालय 26 अक्टूबर तक नामावली परिषद के पोर्टल से तैयार कर उसकी एक प्रति सहित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कर सकेंगे। निर्धारित समयसीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की जवाबदेही तय की जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि संबंधित विद्यालयों को नामावली जनरेट और डाउनलोड करके उसकी एक प्रति के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी है। इसके लिए पहले 15 अक्टूबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 22 अक्टूबर किया गया, लेकिन प्रदेश के 940 विद्यालयों ने निर्धारित अवधि तक नामावली जनरेट नहीं की।

इसे देखते हुए परिषद ने विद्यालयों को 26 अक्टूबर तक का अंतिम अवसर दिया है। सचिव ने संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित तिथि तक नामावली जनरेट और डाउनलोड कर उसकी प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें।

समयसीमा का पालन करना अनिवार्य

परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के विरुद्ध जवाबदेही तय की जाएगी। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के सचिव भगवती सिंह ने कहा कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए संबंधित विद्यालयों को नामावली जनरेट करने और जमा करने का अंतिम अवसर दिया गया है। विद्यालय 26 अक्टूबर तक यह प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कर लें। निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की जवाबदेही तय की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story