करंट लगने से प्रयागराज में दो मजदूरों की मौत
प्रयागराज, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कर्नलगंज थाना क्षेत्र के न्यू मम्फोर्डगंज स्थित लालापट्टी मोहल्ले में शनिवार को दो मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। मकान की दूसरी मंजिल पर डेकोरेशन कार्य के दौरान एल्यूमिनियम का पाइप 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे दोनों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र के लालापट्टी मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर डेकोरेशन और कारपेंट्री का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर एल्यूमिनियम का लंबा पाइप लेकर ऊपर जा रहे थे, तभी पाइप पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। हादसे में कर्नलगंज के बड़ा बघाड़ा निवासी
रमेश सोनकर (55) समेत दो लोगों की जान चली गई। हादसे में मृत दूसरे मजदूर की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पाइप के बिजली के तार से संपर्क में आते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और दोनों मजदूर करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण हाईटेंशन लाइन के संपर्क में एल्यूमिनियम पाइप का आना बताया गया है।
डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। दूसरे मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही रमेश सोनकर के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

