मंगल कलश यात्रा के साथ 15 नवम्बर से शुरू होगा विष्णु यज्ञ तुलसी विवाह महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
मंगल कलश यात्रा के साथ 15 नवम्बर से शुरू होगा विष्णु यज्ञ तुलसी विवाह महोत्सव


20 नवंबर को निकलेगी भगवान शालिग्राम और माता तुलसी की भव्य बारात, 21 नवंबर को होगा विवाह

प्रयागराज, 14 नवंबर (हि.स.)। विष्णु यज्ञ तुलसी विवाह महोत्सव का शुभारंभ 15 नवंबर को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। तुलसी विवाह महोत्सव समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत बलुआ घाट बारादरी स्थित मां यमुना के तट पर विधि-विधान से कलश पूजन के बाद की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालु धूमधाम से कलश यात्रा निकालेंगे। महोत्सव का समापन 21 नवंबर को भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के विवाह तथा भंडारा-प्रसाद वितरण के साथ होगा।

समिति के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने शनिवार काे बताया कि कलश यात्रा दोपहर दो बजे बलुआ घाट बारादरी से शुरू होगी। समिति के संस्थापक यज्ञाचार्य संतोषानंद जी महाराज और अध्यक्ष कृष्ण भगवान केसरवानी के नेतृत्व में निकलने वाली यात्रा बलुआ घाट चौराहा, तिलक रोड, बासमंडी और मालवीय नगर होते हुए तारा राम पीली संगत आश्रम में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के सभी धार्मिक कार्यक्रम मालवीय नगर स्थित इसी आश्रम में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को मंडप एवं वेदी का आह्वान होगा। 18 नवंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक वेदी पूजन और यज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी। इसी दिन शाम सात बजे तुलसी विवाह का तिलकोत्सव आयोजित होगा। 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे सिलमायन की रस्म पूरी की जाएगी।

राजेश केसरवानी ने बताया कि 20 नवंबर को विष्णु यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद दोपहर दो बजे भगवान शालिग्राम और माता तुलसी की भव्य बारात एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। 21 नवंबर को सुबह विवाह की रस्म विधि-विधान से संपन्न होगी। इसके बाद विदाई की परंपरा निभाई जाएगी और श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story