तालाब संरक्षण की मिसाल : डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने ग्रामीणों संग किया श्रमदान

WhatsApp Channel Join Now
तालाब संरक्षण की मिसाल : डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने ग्रामीणों संग किया श्रमदान


पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत तालाब की सफाई, जल स्रोतों को बचाने का दिया संदेश

प्रयागराज, 13 जून (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन को लेकर प्रयागराज में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रवि शंकर द्विवेदी ने शनिवार को ग्राम पंचायत रहसों में ग्रामीणों के साथ श्रमदान कर तालाब की सफाई कराई और जल संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के दौरान तालाब में फैली गंदगी, जलकुंभी और प्लास्टिक कचरे को हटाया गया। ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए श्रमदान किया। इस सामूहिक प्रयास से वर्षों से उपेक्षित तालाब को नया स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग अपने गांव और मोहल्लों के तालाबों, कुओं और अन्य जल स्रोतों की नियमित देखभाल करें, तो जल संकट जैसी समस्याओं से काफी हद तक निपटा जा सकता है।

उन्होंने बताया कि तालाब को गंदगी और प्लास्टिक मुक्त करने के बाद इसे एक मॉडल तालाब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे यह जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन और सौंदर्यीकरण का भी केंद्र बनेगा।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि प्रशासन और जनता की साझी भागीदारी से गांव के प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित किया जा सकता है।

यह अभियान न केवल तालाब की सफाई तक सीमित रहा, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम बना। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story