आधुनिक तकनीक से घुटने का सफल प्रत्यारोपण, ऑपरेशन के अगले दिन चलने लगी महिला

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक तकनीक से घुटने का सफल प्रत्यारोपण, ऑपरेशन के अगले दिन चलने लगी महिला


आधुनिक तकनीक से घुटने का सफल प्रत्यारोपण, ऑपरेशन के अगले दिन चलने लगी महिला


गंभीर गठिया के कारण टेढ़ा हो गया था घुटना, एसआरएन अस्पताल में पांचवें दिन मिली छुट्टी : प्रधानाचार्य

प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से अब जटिल ऑपरेशन भी आसानी से संभव हो रहे हैं। हमारा प्रयास है कि प्रयागराज और आसपास के जिलों के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े और उन्हें सरकारी अस्पताल में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। यह बातें मंगलवार को मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) में 62 वर्षीय महिला के जटिल घुटना प्रत्यारोपण के सफल ऑपरेशन पर चिकित्सकों की टीम को बधाई देते हुए कहीं।

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एसआरएन अस्पताल के अस्थि रोग विभाग के चिकित्सकों ने झूंसी निवासी 62 वर्षीय महिला के बाएं घुटने का आधुनिक तकनीक से सफल प्रत्यारोपण किया। महिला का घुटना गंभीर गठिया के कारण काफी टेढ़ा हो गया था। वह अपना पैर पूरी तरह सीधा भी नहीं कर पा रही थी। चिकित्सकों ने क्रूसिएट रिटेनिंग (सीआर) तकनीक से घुटने का प्रत्यारोपण किया। ऑपरेशन के अगले ही दिन महिला ने सहारे से चलना शुरू कर दिया। पांचवें दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जांच में महिला को ग्रेड-4 ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या पाई गई थी। इस बीमारी में घुटने की हड्डियों के बीच मौजूद कार्टिलेज अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो जाता है। इसके कारण महिला लंबे समय से दर्द और चलने-फिरने में परेशानी से जूझ रही थी।

ऑपरेशन करने वाले अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से टेढ़े घुटने का प्रत्यारोपण करना चुनौतीपूर्ण होता है। सीआर तकनीक में घुटने के महत्वपूर्ण प्राकृतिक लिगामेंट (पीसीएल) को सुरक्षित रखा जाता है। इससे उपयुक्त मरीजों में हड्डियों का अधिक संरक्षण होता है और घुटने की स्वाभाविक कार्यक्षमता बनाए रखने में मदद मिलती है। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ।

ऑपरेशन करने वाली टीम में अस्थि रोग विभाग के डॉ. आनंद कुमार, डॉ. आशुतोष और डॉ. जितेंद्र शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अभिजीत, डॉ. निखिल और डॉ. नन्हे के साथ ऑपरेशन थिएटर के नर्सिंग एवं तकनीकी कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778866 Articles

Share this story