डॉ. जितेन्द्र शुक्ला बने एसआरएन चिकित्सालय के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक
प्रयागराज, 17 जून (हि.स.)। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. (मेजर) जितेन्द्र शुक्ला को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) का अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) ए.के. वर्मा द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. जितेन्द्र शुक्ला को चिकित्सालय की चिकित्सीय एवं गैर-चिकित्सीय व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन, पर्यवेक्षण तथा समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह अपने मूल पद पर कार्य करते हुए अस्पताल प्रशासन से जुड़े दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे।
डॉ. जितेन्द्र शुक्ला चिकित्सा क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं, अनुशासित कार्यशैली और मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ से एमबीबीएस सहित उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह मेडिसिन विभाग में सहायक आचार्य के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने नई दिल्ली के प्रतिष्ठित लोक नायक अस्पताल एवं मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट के रूप में भी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की हैं।
चिकित्सा एवं प्रशासनिक क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को एसआरएन चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। चिकित्सालय के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) ए.के. वर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. जितेन्द्र शुक्ला के नेतृत्व, अनुभव और कार्यकुशलता से चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार होगा। साथ ही मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
एसआरएन चिकित्सालय प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में से एक है और डॉ. जितेन्द्र शुक्ला की नियुक्ति से संस्थान की सेवा क्षमता एवं जनविश्वास को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

