विशेष शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी का विज्ञापन जारी, 05 सितंबर से आवेदन
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार बोले—विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की प्रक्रिया शुरू, अभ्यर्थी पहले ओटीआर पूरा करें, तभी कर सकेंगे आवेदन
प्रयागराज, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने गुरुवार को बताया कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत विशेष शिक्षकों (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) जय पूरा करना होगा। इसके बाद ही वे विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग की ओर से विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए विज्ञापन संख्या-03/2026 जारी कर दिया गया है। आयोग अध्यक्ष ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। उच्चतम न्यायालय में सिविल अपील संख्या-1385/2025 और पुनर्विचार याचिका डायरी संख्या-53434/2025 में 29 मई 2026 को पारित आदेश के बाद बड़ी संख्या में शिक्षकों के प्रभावित होने के दृष्टिगत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों तथा विशेष शिक्षकों के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ओटीआर व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थी पहले ओटीआर पूरा करें और उसके बाद परीक्षा के लिए आवेदन करें। उन्होंने अपील की कि आवेदन करने से पहले आयोग की ओर से जारी विस्तृत विज्ञापन और सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही निर्धारित अवधि में आवेदन करें।
यह है परीक्षा का कार्यक्रम
ओटीआर एवं ऑनलाइन आवेदन शुरू: 05 सितंबर 2026 आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 04 अक्टूबर 2026, ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि: 08 अक्टूबर 2026
विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा: 03 नवंबर 2026
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि आयोग अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभ्यर्थी परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर जारी विज्ञापन और दिशा-निर्देशों का ही अनुसरण करें।
विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा से संबंधित विस्तृत विज्ञापन और आवेदन संबंधी दिशा-निर्देश आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

