जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पा रही भाजपा सरकार, पीडीए की एकजुटता से सत्ता से होगी दूर : श्यामलाल पाल

WhatsApp Channel Join Now
जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पा रही भाजपा सरकार, पीडीए की एकजुटता से सत्ता से होगी दूर : श्यामलाल पाल


सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना, डॉ. मानसिंह यादव ने मतदान से पहले सपा नेताओं को नजरबंद करने की आशंका जताई

प्रयागराज, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा सरकार के पास बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई, किसानों की समस्याओं और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर जनता के सवालों का जवाब नहीं है। पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। प्रदेश की जनता इन मुद्दों को लेकर भाजपा को सत्ता से दूर करने के लिए तैयार है। यह बातें प्रयागराज सिविल लाइन स्थित एक होटल में बुधवार को मीडिया से वार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहीं।

श्यामलाल पाल ने कहा कि प्रदेश में हो रहे शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनावों में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सबसे अधिक सीटों पर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में है और पीडीए की एकजुटता सपा की ताकत है।

मतदान से पहले सपा नेताओं को नजरबंद करने की आशंका

स्नातक विधान परिषद चुनाव के सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने भाजपा पर प्रशासन के सहारे चुनाव में साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने आशंका जताई कि मतदान के दिन सपा के प्रभावशाली नेताओं को उनके घरों में नजरबंद करने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदाताओं को डराने और धमकाने की कोशिश हो सकती है। डॉ. यादव ने आशंका व्यक्त की कि मिल्कीपुर जैसी स्थिति दोहराने का प्रयास किया जा सकता है।

डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अडिग है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक रोकने, शिक्षामित्रों को सम्मानजनक स्थिति देने, अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने, अनुदेशकों और वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने तथा परीक्षा कैलेंडर व्यवस्थित करने जैसे मुद्दे पार्टी की प्राथमिकता में हैं। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों पर मतदाताओं का रुझान सपा के पक्ष में है।

पत्रकार वार्ता में कई नेता रहे मौजूद

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, विधायक विजमा यादव, हाकिम लाल बिंद, गीता शास्त्री और संदीप पटेल, पूर्व विधायक हाजी मुजतबा सिद्दीकी, हाजी परवेज अहमद, सत्यवीर मुन्ना, अमरनाथ मौर्य, पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, रविंद्र यादव एडवोकेट और इंजीनियर जगदीश यादव सहित पार्टी के कई नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story