योजनाओं का पूरा लाभ जनता तक पहुंचने से विरोधी बौखलाए, 2027 और 2029 में जनता देगी जवाब : केशव मौर्य
तीन दिवसीय सोरांव महोत्सव का उप मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, 251 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह
प्रयागराज, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज दिल्ली या लखनऊ से किसी योजना के तहत एक लाख रुपये भेजे जाते हैं तो पूरा एक लाख रुपया लाभार्थी के खाते में पहुंचता है। सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने और योजनाओं का पूरा लाभ आम लोगों को मिलने से विपक्षी दल बौखलाए और घबराए हुए हैं। वे किसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना और सत्ता का तख्तापलट करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि तख्तापलट का सपना देखने वाले नेताओं को प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में करारा जवाब देगी। इसके बाद वर्ष 2029 में देश की राजनीति से भी ऐसे नेताओं को विदा करने का काम करेगी।
उप मुख्यमंत्री रविवार को तीन दिवसीय सोरांव महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर सामूहिक विवाह समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें 251 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। गरीबों, जरूरतमंदों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
सामूहिक विवाह समारोह में 251 जोड़ों का विवाह संपन्न होना सामाजिक समरसता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता से राहत मिलती है।
कार्यक्रम में आयोजक एवं विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा गंगापार उमेश तिवारी, पूर्व प्रमुख आलोक पांडेय, सुधीर मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

