योगी सरकार अनुसूचित समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत करने को सूकर पालन में दे रही अनुदान

WhatsApp Channel Join Now
योगी सरकार अनुसूचित समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत करने को सूकर पालन में दे रही अनुदान


प्रयागराज, 07 मार्च (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार अनुसूचित जाति के लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में

पशुपालन विभाग के माध्यम से सूकर पालन (पिगरी) को बढ़ावा देने के लिए अनुदान योजना संचालित की जा रही है।

यह जानकारी शनिवार को प्रयागराज जिले के मुख्य पशु चिकित्साधिकार डॉ शिवनाथ यादव ने दी।

उन्होंने आगे बताया कि अनुसूचित जाति के लाभार्थी इस योजना के तहत सूकर पालन शुरू कर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकते हैं। योजना के तहत कुल परियोजना लागत 1,47,400 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें सरकार की ओर से 1,32,660 रुपये का अनुदान दिया जाएगा, जबकि लाभार्थी को मात्र 14,740 रुपये का अंशदान करना होगा।

उन्होंने बताया कि पशुपालन निदेशालय के माध्यम से संचालित इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना और अनुसूचित जाति के लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इच्छुक लाभार्थी अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय या संबंधित विभागीय कार्यालय से संपर्क कर योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवेदन कर इसका लाभ उठा सकते हैं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ लेकर सूकर पालन को अपनाएं और अपनी आय में वृद्धि करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story