छोटे और सीमांत किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण, 06 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
छोटे और सीमांत किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण, 06 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर मिलेगा लाभ


मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल ने भारत टैक्सी सेवा को दिखाई हरी झंडी

प्रयागराज, 23 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के लिए छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और अगले पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को इससे लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण सरदार पटेल संस्थान, अलोपीबाग में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल ने भारत टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों की कृषि उत्पादकता और आय में वृद्धि करना है। कृषि के अलावा कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध होगी।

ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर दिया गया है। कार्यक्रम में बी-पैक्स के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों से अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र किसानों को इससे जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

चालकों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

कार्यक्रम में प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित सहकारिता आधारित डिजिटल वाहन सेवा बताया गया। इसमें चालक सदस्य और हितधारक के रूप में जुड़ेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।

कार्यक्रम में पीसीएफ निदेशक अमरनाथ यादव, नगर पंचायत फूलपुर के अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, उपायुक्त एवं उपनिबंधक सहकारिता साधना सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता वीरेंद्र बहादुर सिंह, आरजीबी सदस्य आरपी सिंह बघेल सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, विभिन्न समितियों के पदाधिकारी, कर्मचारी, किसान और अन्य प्रति निधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story